अछल्दा। थाना क्षेत्र के गांव सुभानपुर अड्डा में बुधवार रात एक युवक ने कमरे के अंदर रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजन की नजर पड़ी तो चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव सुभानपुर अड्डा निवासी गुडडू कठेरिया (28) पुत्र गोविंद कठेरिया बुधवार रात कमरे में अकेला लेट हुआ था। रात करीब दो बजे के करीब परिजन लघुशंका के लिए उठे तो उन्हें कमरा अंदर से बंद मिला। इस पर खिड़की से जब झांक कर अंदर देखा तो युवक फंदे पर लटकता दिखा। किसी तरह परिजन दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक गुड्डू की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष भूपेंद्र राठी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह नशे का आदी था व पत्नी पांच वर्ष से बच्चे को लेकर मायके में रह रही थी। तब से मृतक की मनोदशा ज्यादा खराब चल रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।