ककोर। ककोर मुख्यालय के पास स्थित आरजेडी पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार सुबह नीम के पेड़ पर गार्ड का शव लटकता मिला। पिता को बुलाने पहुंचे बेटे ने शव लटकता देख घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधक व पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर रुपये न देकर मानसिक रुप से प्रताड़ित करने व हत्या करने का आरोप लगा हंगामा काटा। पुलिस ने सख्त तेवर अपनाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फफूंद थाना क्षेत्र के नौली निवासी हाकिम सिंह (54) ककोर स्थित आरजेडी पब्लिक स्कूल में काम करते थे। वह दिन में बस चलाता था व रात में गार्ड की ड्यूटी करता था। रविवार सुबह समय से घर न पहुंचने पर बुलाने पहुंचे बेटे आयुष ने स्कूल परिसर में लगे नीम के पेड़ पर पिता को फंदे पर लटका देखा। जिसे देख व चीखता हुए स्कूल प्रबंधक के पास पहुंचा और जानकारी दी।
विज्ञापन
शोरगुल सुन घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। माैके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव उतारा। परिजनों ने दिल्ली में रह रहे बेटे व पत्नी के आने बाद शव उठाने देने की बात कहकर हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के बेटे आयुष ने बताया कि पापा रविवार के दिन सुबह पांच बजे घर पहुंच जाते थे। शनिवार शाम को वह सब्जी लेकर घर आये थे। खाना खाने के बाद वह आठ बजे स्कूल चले गए। नौ बजे के करीब उसने पिता से फोन पर स्कूल पहुंचने की जानकारी ली। रविवार सुबह छह बजे तक पिता के न आने पर उसने स्कूल में जाकर देखा तो पिता का शव फंदे पर लटक रहा था।
मृतक के बड़े भाई जयनारायण ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने उसके बकाया पड़े 60 हजार रुपये नहीं चुकाए थे। पैसे मांगने पर स्कूल प्रबंधक व प्रधानाचार्य उसे मानसिक तौर पर प्रताड़ित करते थे। जिससे वह काफी परेशान रहता था। मृतक के बेटे अनुरुद्ध व आदेश दिल्ली में नौकरी करते हैं।
परिजनों की ओर से मृतक के बेटों के आने तक शव न उठने देने की बात कही जा रही थी, लेकिन पुलिस ने शव उठाने का दबाव बनाया, जिस पर परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। यह देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया। एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई भी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
घटना स्थल के पास पड़ी मिली सीढ़ी
मृतक के भाई जयनारायण ने बताया कि उसका भाई पेड़ पर चढ़ लेता था। अगर उसे आत्महत्या करनी होती तो वह सीढ़ी लेकर क्यों जाता। आरोपियों ने उसके भाई की हत्या करने के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए सीढ़ी के सहारे से शव को पेड़ पर लटका दिया है।
जांच में जुटी पुलिस को सीसीटीवी कैमरे मिले बंद
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस जब स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने के लिए स्कूल के कार्यालय पहुंची तो वहां पुलिस को सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया है।
-
नायब तहसीलदार ने आर्थिक मदद का आश्वासन दिया
घटना की जानकारी पर पहुंचे सदर नायब तहसीलदार पवन कुमार ने परिजनों को किसान दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।