संवाद न्यूज एजेंसी
एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के दोवामाफी निवासी एक युवक शव शनिवार देर रात में कछपुरा गांव के नाले की पटरी समीप नीम के पेड़ से गमछे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद शव को नीचे उतरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना क्षेत्र के कछपुरा गांव के लोग शनिवार देर रात करीब दो बजे एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। तभी उन्हें कछपुरा गांव के नाले की पटरी समीप एक नीम के पेड़ पर शव लटकता दिखा। इस पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पेड़ पर शव लटका होने की खबर कुछ देर में फैल गई तो घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
इसी बीच क्षेत्राधिकारी बिधूना अशोक कुमार सिंह और इंचार्ज थाना प्रभारी कमलेश कुमार यादव पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त कल्लू उर्फ धर्मपाल कठेरिया (50) पुत्र राम औतार कठेरिया के रूप में की। इसके बाद घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। मौके पर मृतक की पत्नी चंद्रमुखी और उसके परिजन रोते बिलखते पहुंचे।
ग्रामीणों में चर्चा रही कि मृतक ने पारिवारिक कलह के कारण आत्महत्या की है। वहीं क्षेत्राधिकारी बिधूना अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।