अजीतमल। शासन की मंशा के अनुरूप विद्युत की सप्लाई समय पर नहीं हो पा रही है। कहीं अधिकारियों की लेटलतीफी तो कहीं कर्मचारियों की लापरवाही के चलते उपभोक्ताओं को समय पर बिजली नहीं मिल पा रही है। वहीं विद्युत विभाग के ठेकेदार की कमी के चलते उपकेंद्र चपटा के 50 घरों की आपूर्ति दो दिनों से सही नहीं हो पा रही है। जिसके चलते उपभोक्ताओ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्युत उपखंड कार्यालय के उपकेंद्र चपटा क्षेत्र के गांव नेवरपुर के पास किसानों द्वारा लगाई गयी फसल अवशेष में आग के चलते एक पेड़ जल गया। रविवार रात करीब तीन बजे पेड़ पास से निकली बिजली लाइन पर गिर गया। जिससे दो खंभे टूट गये। जिसके चलते चपटा फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
सुबह मौके पर पहुंचे जेई केके राठौर ने वैकल्पिक व्यवस्था कर फीडर के समस्त लाईनों को सही कराते हुए आपूर्ति शुरू करवा दी, लेकिन गांव सेंगनपुटठा के एक 25 केवी तथा एक 10 केवी का ट्रान्सफार्मर की बिजली बाधित होने के चलते उसमें पड़ने वाली करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति शूरू नहीं हो सकी। दो दिनों से बाधित बिजली के चलते लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ रही है। जेई केके राठौर ने बताया कि पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी। जिसे सही करवा दिया गया था। करीब 30 घरों की आपूर्ति बाधित है। सामान व कर्मचारियों सहित वह मौके पर मौजूद हैं। ठेकेदार द्वारा हाईड्रा न भेजे जाने के चलते खंभा नहीं लग पा रहा है। खंभा लगते ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।