अजीतमल। बैंक से पैसे निकालने के बाद बाजार में सामान खरीद जा रहे युवक की बाइक पर लटके थैले से टप्पेबाजों ने 62 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
अछल्दा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर माझी निवासी अरविंद सिंह बुधवार दोपहर को अजीतमल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में रुपये निकालने आए थे। बैंक से 62 हजार रुपये निकालने के बाद उसने पैसे झोले में रखकर बाइक के हैंडल में लटका लिए।
बाबरपुर तिराहे पर सड़क किनारे बाइक खड़ी कर वह दुकान से कुछ सामान खरीदने लगा। तभी किसी टप्पेबाज ने उसकी बाइक पर लटके थैले से रुपये पार कर दिए। सामान लेकर वापस लौटने पर उसे बाइक पर लटके थैले से रुपये गायब मिले।
पीड़ित ने कोतवाली पहुंच पुलिस को घटना की जानकारी देकर तहरीर दी। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।