घरेलू विवाद में एक युवक के सिर पर लोहे की रॉड मारकर उसकी हत्या कर दी गई। दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल और मृतक के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगा दिबियापुर-औरैया मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों के समझाने पर तकरीबन डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। रविवार की यह घटना फफूंद थाना क्षेत्र के बाबा का पुर्वा गांव की है।
बाबा का पुर्वा निवासी जयसिंह पुत्र हुकुम सिंह के मुताबिक शुक्रवार को उसका भाई दीप सिंह का उसकी पत्नी से झगड़ा हो रहा था। बीचबचाव के दौरान चचेरे भाई ब्रजेंद्र और जितेंद्र ने दीप सिंह को पीट दिया। दीप सिंह की पत्नी ने इसका विरोध किया, फिर भी वे मारपीट करते रहे। इस पर श्यामसुंदरपुर माचा भोगनीपुर निवासी उसके साले वीरसिंह ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इसके बाद भी हमलावर खुन्नस खाए रहे।
रविवार को दीप सिंह और वीर सिंह (25) घर पर थे। इसी दौरान चचेरे भाइयों ने हमला बोल दिया। सिर पर लोहे की रॉड मारकर दीप सिंह एवं वीर सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों को दिबियापुर सीएचसी लाया गया। यहां वीर सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दीप सिंह को जिला अस्पताल रिफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव बाबू का पुर्वा पहुंचे। सीओ अजीतमल जीडी मिश्रा, थानाध्यक्ष दिबियापुर संतोष कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष फफूंद विनोद यादव दिबियापुर सीएचसी पहुंचे। बातचीत के दौरान ही पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगा परिजन शव सीएचसी परिसर से औरैया-दिबियापुर मार्ग पर ले जाने लगे। पुलिस ने शव रखवाने का प्रयास किया तो परिजन उलझ गए।
इसके बाद परिजनों ने शव को दिबियापुर-औरैया मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। जाम के दौरान भी पुलिस से नोकझोंक हुई। गुस्साई महिला ने पुलिसकर्मी के मुंह पर पानी फेंक दिया। कुछ देर बाद आए एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। लगभग सवा छह बजे मृतक के पिता शंकर सिंह भी दिबियापुर पहुंचे। इस बाबत सीओ अजीतमल जीडी मिश्रा का कहना है कि दोनों पक्षों में जमीन का विवाद था। थानाध्यक्ष फफूंद विनोद यादव के अनुसार शुक्रवार को आरोपी पक्ष ने ब्रजेंद्र से मारपीट की सूचना पुलिस कंट्रोल को दी थी।
सूचना झूठी होने पर ब्रजेंद्र को पुलिस ले आई, जिसे बाद में छोड़ दिया गया था। मृतक के पिता शंकर सिंह ने दामाद जयसिंह के चचेरे भाइयों ब्रजेंद्र और जितेंद्र पुत्र मुहर सिंह निवासी बाबा का पुर्वा एवं रिश्तेदार लाला पुत्र छोटेलाल, रानी देवी पत्नी मुहर सिंह निवासी बाबा का पुर्वा के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। एएसपी विपुल श्रीवास्तव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।