कोतवाली में रोती पीड़ित महिला।
- फोटो : अमर उजाला
जेसीज चौराहे से आटो लेकर बच्चे के साथ अस्पताल जा रही महिला का मुंह दबाकर आटो सवार दो लुटेरों ने बाले लूट लिए। बीच शहर में दिनदहाड़े हुई घटना से आम लोग सुरक्षा को लेकर चिंता में दिखे। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मामला दर्ज कराया।
गांव नरोत्तमपुर निवासी प्रभा देवी पत्नी योगेंद्र कुमार मंगलवार दोपहर 2 बजे अपने दस वर्षीय पुत्र जितेंद्र को लेकर जिला अस्पताल दिखाने आ रही थी। जेसीज चौराहे से महिला आटो लेकर अस्पताल की ओर रवाना हुई। अभी आटो सत्ती तालाब के सामने पहुंचा ही था कि आटो में पहले से सवार दो युवकों ने उसका मुंह दबा लिया। उसके कान से बाले लूट लिए। पीड़ित महिला ने मामले को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पीड़िता प्रभा ने बताया कि आटो पर सवार दो लुटेरों ने उसके बच्चे की पीठ पर झोला मारा।
इससे झोले में रखी नोटों की गड्डी के सामान दिखने वाली कागजों की गड्डी निकल कर बाहर गिर पड़ी। उसने बताया बाला लूटते समय उसकी लुटेरों से हाथापाई भी हुई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने बताया पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज करा दिया गया है। हालांकि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद ही हकीकत सामने आएगी।