हत्यारोपी के घर के बाहर जमा ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा खानपुर में मंगलवार की रात फूफा ने भतीजी को गला दबाकर मार डाला। किशोरी के पिता ने बहनोई के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। आरोपी ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी से कोतवाली में पूछताछ की जा रही है।
ग्राम खसीस, थाना रैडर, जिला जालौन निवासी गुड्डू खान ने बताया कि उसकी 12 वर्षीय बेटी रोजी को अगस्त में बहन जरी पत्नी इकबाल अपने साथ औरैया ले आई थीं। बहन ने बेटी का कक्षा पांच में दाखिला करवा दिया था। सोमवार को जरी अपने बेटों के पास दिल्ली चली गईं। घर में रोजी व इकबाल ही थे। मंगलवार की देर रात इकबाल ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसकी जानकारी बुधवार सुबह पड़ोसियों ने फोन से दी। मोहल्ले के लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाली इंचार्ज सुधाकर मिश्रा, देवकली चौकी इंचार्ज उपेंद्र नाथ राय ने मौकेे से इकबाल को गिरफ्तार कर लिया। इकबाल ने कड़ाई से पूछताछ में रोजी की गला दबाकर हत्या करना कबूल कर लिया। सूचना पर जरी दिल्ली से चल दी थीं।
वजह तक नहीं पहुंची पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली है। इकबाल ने बताया कि अचानक उसे कुछ हो गया था। इससे उसने रोजी का गला दबा दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी मानसिक रोगी है। हत्या की जानकारी पर एएसपी पंकज भी मौके पर पहुंचे। हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी।
डकैती में दस साल की सजा काट चुका हत्यारोपी
इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने बताया कि जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में दस साल पहले हुई एक डकैती में इक बाल को दस साल की सजा हुई थी। इकबाल दो साल पहले ही सजा काटकर वापस लौटा है। अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इकबाल से पूछताछ की जा रही है।