पैतृक गांव में होली मनाने गए शिक्षक के घर का रविवार रात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी उन्हें पड़ोसियों ने दी। पीड़ित शिक्षक ने बताया कि चोरों ने घर से 30 हजार नगदी समेत लाखों रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर लिए हैं। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर शीघ्र घटना का खुलासा किये जाने की बात कही।
शहर के मोहल्ला ओम नगर निवासी श्रीगोपाल इंटर कालेज के शिक्षक गजेंद्र पाल सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर में बताया कि वह अपने परिजनों के साथ पैतृक गांव जालौन में होली मनाने के लिये 12 मार्च की शाम घर गए थे। सोमवार को मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी कि उनके मकान का ताला टूटा पड़ा है। पीड़ित ने बताया कि जब वह घर लौटा तो उसने देखा की अलमारी व बक्सों के ताले टूटे थे। चोरों ने उसमें रखे 30 हजार रुपये और लगभग दो लाख रुपये कीमत के सोने व चांदी के जेवरात पार किये।
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि उनकी पत्नी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हसुलिया में सहायल अध्यापक हैं। सरकारी स्कूल की चाबी और घर में खड़ी बाइक की चाबी भी चोर ले गए। पीड़ित की तहरीर लेकर कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज करने और मामला सही पाये जाने पर घटना का खुलासा किये जाने की मांग की है।