सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाकरपुर में दो दिन से लापता युवक का शव बुधवार की सुबह कुएं में मिला। शव मिलने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पिता ने गांव के दो लोगों पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है।
बाकरपुर निवासी अशोक कुमार पुत्र रामानंद की पारिवारिक चाची का 25 जुलाई को निधन हो गया था। इस पर अशोक बेटे अभिषेक उर्फ विक्की (18) के साथ गांव आए थे। दादी की अंतेष्टि के बाद अभिषेक घर की छत पर सोने चला गया। इस बीच बूंदाबांदी होने के बाद भी वह छत से नीचे उतर कर नहीं आया। मृतक की मां ने बताया कि उसने बेटे से दूध पीने के लिए छत से नीचे उतरने के लिए कहा। बेटे ने नीचे आने के लिए कह दिया। इसकेे बाद भी वह नीचे उतरकर नहीं आया। दो मिनट बाद जब बेटे को देखने छत पर गईं तो वह वहां नहीं था। इस पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। इस बीच परिजनों ने अभिषेक के घर से सटे कुएं में गिरने की आशंका जताई। इस पर रात में ही कुएं को देखा गया। अभिषेक का कहीं पता नहीं चला।
परिजनाें ने उसकी रिश्तेदारियों में तलाश शुरू की। इसका भी कोई नतीजा नहीं निकला। बुधवार की सुबह युवक का शव घर के बाहर के कु एं में उतराता दिखाई दिया। इस पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मृतक युवक दिल्ली में अपने पिता के साथ रहता था। कई सालों बाद दादी की मौत पर गांव आया था। मृतक का पिता दिल्ली में आटो चलाने का काम करता है। युवक की मौत की सूचना पर सीओ सिटी सुभाष अत्री ने घर पहुंचकर परिजनों से जानकारी की। वहीं पीड़ित पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गांव के प्रह्लाद सिंह पुत्र रामरतन व जनक सिंह पुत्र विजय सिंह के खिलाफ अपहरण कर हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में सीओ सिटी सुभाष अत्री ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। युवक की हत्या या कुएं में गिरने के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग पाएगा।