चार दिन से लापता युवक का शव मंगलवार को गांव बाहर कुएं में पड़ा मिला। कुएं में शव मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मशक्कत कर शव बाहर निकलवाया गया। परिजनों ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर वामपुर निवासी लालू प्रसाद (35) पुत्र रामफ ल शुक्रवार शाम लकड़ी आदि बीनने चला गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश की मगर उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने रिश्तेदारों के यहां भी पता किया मगर कुछ जानकारी नहीं मिली। परिजन युवक की तलाश कर ही रहे थे कि मंगलवार को गांव के बाहर कुएं में बदबू आने पर ग्रामीणों ने झांक कर देखा तो उसमें लालू का शव पड़ा था। इस पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर परिजन भी रोते बिलखते पहुंच गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि युवक की कुएं में गिरने से मौत हुई है।