एसपी आवास का घेराव किए मुस्लिम समुदाय के लोग
- फोटो : अमर उजाला
बारावफात के जुलूस के बाद लाउडस्पीकर को बंद कराने के विरोध में सोमवार शाम मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क गए। तीन घंटे तक शहर में घूम-घूम कर बवाल किया। इस दौरान जिले के सभी थानाें की फोर्स एवं पीएसी व क्यूआरटी बल भी मौके पर पहुंचा। देखते ही देखते शहर और हाईवे छावनी में बदल गया।
बारावफात पर सोमवार सुबह से ही शहर में चारों तरफ लाउडस्पीकरों से धर्म संबंधी तकरीरों का दौर जारी रहा। शाम को जुलूस समाप्त होते ही एसपी की ओर से हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर डीजे बंद कराए जाने का निर्देश दिया गया। इस पर सिपाही ने जुलूस में बज रहे डीजे को बंद करवा दिया। इसी बात को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोग गुस्सा हो गए । सैकड़ों की संख्या में एसपी आवास पहुंच गए। आवास घेर कर नारेबाजी करने लगे। एसपी आवास से सूचना मिलने पर वहां आसपास के थानों की फोर्स पहुंच गई। इस पर वे हाईवे पहुंच कर जाम कर दिए। इससे दोनाें तरफ वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगने लगी।
पथराव कर पुलिस को दौड़ाया
औरैया। भीड़ में शामिल अराजकतत्वों ने माहौल को पूरी तरह से बिगाड़ने का काम किया। आक्रोशित लोगों को समझाकर मामला शांत कराने पहुंची पुलिस पर भीड़ में मौजूद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे पुलिस को पीछे हटकर अपने को सुरक्षित करना पड़ा। इसी बीच एक पत्थर एसआई अशोक सिंह के कान के पास जाकर लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गए। आनन-फानन में उन्हें पुलिस जीप से प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उनको प्राथमिक उपचार के बाद जाने दिया। साथी पुलिस कर्मी को घायल होते देख मौजूद पुलिस, पीएसी व क्यूआरटी के जवानों ने हाईवे पर जाम लगाए बलवाईयों को लाठियां पटककर खदेड़ना शुरू कर दिया। अचानक पुलिस को हावी होते देख लोग हाईवे छोड़ कर भाग निकले।