सदर कोतवाली क्षेत्र में पढ़ीन दरवाजा स्थित बड़ी माता मंदिर के पास शनिवार रात साइकिल से घर जा रहे एक जनसेवा संचालक से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया। शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी महेंद्र पुत्र मोहन लाल निषाद दौलतपुर गांव में जनसेवा केंद्र चलाता है। शनिवार की रात लगभग 9 बजे वह साइकिल से लौट रहा था। जैसे ही वह शहर में पढ़ीन दरवाजा स्थित बड़ी माता मंदिर के सामने पहुंचा ही था।
तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और उसकी जेब पर झपट्टा मार कर भाग गए। बदमाश शर्ट की ऊपर की जेब में पड़ा मोबाइल बदमाश लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ भी लिया। इस दौरान पकड़े गए बदमाश ने कोतवाली में पुलिस के सामने बताया कि शहर में छह बाइकों पर सवार एक दर्जन युवक इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को पूछताछ के लिए एसओजी टीम के हवाले कर दिया है। हालांकि इस संबंध में कोतवाली पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।