स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव बढ़िन में दो दिन से लापता युवक का शव शनिवार को गांव के बाहर नाले के पास मिला है। मृतक के भाई ने हत्या कर शव फेकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बढ़िन गांव निवासी मनोज उर्फ बब्लू तिवारी(35) पुत्र जगदीश घर से15 दिसंबर की शाम निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। उसके भाई अशोक ने एरवाकटरा थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। शनिवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर नाले के किनारे मनोज का शव मिला। इस पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। मनोज के गले के पास चोट के निशान मिले।
नाले के पास से खाली क्वार्टर व चप्पल बरामद हुई हैं। इस पर उसके भाई अशोक कुमार ने हत्या कर शव फेकने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की बात स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।