फफूंद (औरैया)। गांव भैंसोल स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में बुधवार की रात चोरों ने धावा बोला। रोशनदान की ईंटों को तोड़कर बैंक में दाखिल हुए चोर तिजोरी में रखे 17 लाख रुपये ले गए कि नहीं इस पर संशय है। चोरों ने तिजोरी का हैंडल तोड़ दिया। जिससे बैंक का स्टाफ तिजोरी नहीं खोल पा रहा है। तिजोरी बनाने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है। चोरों न बैंक के अंदर रखी एटीएम को क्षतिग्रस्त कर दिया। सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने के बाद हार्ड डिस्क उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच करवाई।
थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसोल में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा है। गुरुवार सुबह मैनेजर राम प्रसाद माथुर बैंक खोलने पहुंचे। मुख्य द्वारा का ताला खोलने के बाद वह अंदर गए सन्न रह गए। बैंक के अंदर रखी एटीएम क्षतिग्रस्त था। सीसीटीवी कैमरे गायब थे। बैंक सर्वर की हार्डडिस्क भी निकाल ली गई थी। कैश वाली तिजोरी का हैंडल टूटा पड़ा था। वहां रखी अलमारियों के दरवाजे खुले थे। अंदर का हाल देख उन्हें समझते देर न लगी कि चोरों ने बीती रात बैंक में धावा बोला था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बैंक मैनेजर राम प्रसाद माथुर ने बताया कि बैंक के मुख्यद्वार के ऊपर ईंटों का रोशनदान है। चोर रोशनदान र्की इंटों को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार व सीओ अजीतमल लालता प्रसाद ने फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने फिंगर प्रिंट के नमूने लिए।
तिजोरी में रखा कैश सुरक्षित!
बैंक मैनेजर के मुताबिक चोरों ने तिजोरी को तोड़ने का पूरा प्रयास किया। उन्होंने तिजोरी का हैंडिल तोड़ दिया लेकिन उसे खोल नहीं पाए। तिजोरी अगर खुल गई होती तो फिर बंद करना मुश्किल था। ऐसे में पूरी तरह से संभव है कि कैश सुरक्षित बच गया। तिजोरी निर्माणकर्ता कंपनी के प्रतिनिधि आएंगे वे ही तिजोरी को खोल पाएंगे। कैशियर के पास चाभी है लेकिन हैंडिल टूट जाने से उसे खोलना मुमकिन नहीं है। उन्होंने बताया कि चोरों ने अलमारियों को तोड़कर चाभी और नगदी खोजी। उन्हें मेजों में लगीं दराजों की चाभियां मिल गई थीं। इन चाभियों से उन्होंने दराजों को खोला, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। एटीएम खाली था, जिसे चोरों ने कैश के लालच में क्षतिग्रस्त किया।