दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई सपा यूथ बिग्रेड जिलाध्यक्ष की कार
- फोटो : amarujala
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में सपा यूथ के बिग्रेड के जिलाध्यक्ष सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने सपा नेता समेत दो घायलों को कानपुर रेफर कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को हुई मार्ग दुर्घटनाओं में मिहौली निवासी केश कुमारी भाई सतीश के साथ बाइक से बाबरपुर जा रहीं थीं। हाईवे पर पीछे से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे केश कुमारी घायल हो गईं। मोहल्ला ठठराई निवासी गौरव सिंह, सत्तीतालाब निवासी मोहम्मद तारिफ व ठठराई निवासी पारस एक ही बाइक से आ रहे थे। देवकली चौकी के पास उनकी बाइक आगे जा रहे ट्रैक्टर की ट्राली में जा घुसी। जिससे तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए। तीसरी घटना में सपा यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष चंद्रनील शुक्ला दोपहर में अपनी कार से औरैया आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार नरोत्तमपुर गांव के सामने पहुंची, सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई और यूथ बिग्रेड जिलाध्यक्ष चंद्रनील शुक्ला घायल हो गए। घायलावस्था में लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज कर गंभीर रुप से घायल महिला केश कुमारी व यूथ बिग्रेड जिलाध्यक्ष चंद्रनील शुक्ला को कानपुर रेफर कर दिया।