बिधूना कोतवाली क्षेत्र के तहत गांव सरांय प्रथम के पास तीन लोगों ने युवक को रोककर उसकी बाइक व आठ हजार रुपये नगद लूट लिए। विरोध करने पर युवक को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
बिधूना के डहरियापुर निवासी रनवीर सिंह पुत्र लखन सिंह ने बताया कि वह बाइक से अपने गांव जा रहा था। सरांय प्रथम व पशुआ के बीच बमुराहा निवासी जोलू पुत्र कमलेश अपने दो साथियों के साथ मिले और उसे रोक लिया। इन लोगो ने उससे आठ हजार रुपये और बाइक लूट ली। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। यह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
तमंचा लगाकर 1450 रुपये लूटे
बिधूना थानाक्षेत्र के रुरुगंज में सोमवार रात तमंचे के बल पर बदमाश एक युवक से 1450 रुपये लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। सुभानपुर लहतुइया, अछल्दा निवासी अशोक यादव ने बताया कि वह अपनी रिश्तेदारी से लौटकर घर जा रहे थे। रास्ते में तीन युवकों ने उन्हे रोक लिया और तमंचा लगाकर उनसे 1450 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने रुरुगंज चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी तो चौकी इंचार्ज सतेंद्र ने मौके पर जाकर तलाश शुरू की। दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। चौकी इंचार्ज सतेंद्र ने बताया कि अभी पूछताछ चल रही है। पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।