आाचार संहिता लगते ही पुलिस ने भी चौकसी बढ़ा दी। मंगलवार की रात नौ बजे हाईवे पर अनन्त राम टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान एक गाड़ी में एक व्यक्ति के पास से पैंतालीस लाख रुपया पुलिस ने बरामद किये हैं। पकड़ा गया व्यक्ति ब्रोकर बताया जा रहा है।
एसपी रामकिशोर व स्टेटिक्स टीम की मौजूदगी में मंगलवार की रात टोल प्लाजा अनन्तराम पर कोतवाली प्रभारी संजय मिश्रा, एसआई पवन पाण्डेय व हमराही पुलिस बल के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान इटावा से औरैया की ओर जा रही रेनाल्ट क्विड गाड़ी नम्बर यूपी79 एम 0339 को पुलिस ने रोका। गाड़ी की तलाशी के दौरान गाड़ी में बैठे पंकज कुमार पुत्र हरिदास निवासी बालाजीपुरम थाना शाहगंज आगरा के पास से पैंतालीस लाख रुपया बरामद किया। कोतवाली निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि बरामद रुपये के कागजात उपलब्ध कराने के लिये कहा गया है। उचित कागजात दिखाने पर रुपया दिया जायेगा। वह खुद को ब्रोकर बता रहा है। अगर कागज सही है तो रूपये सुपुर्द कर दिए जायेंगे।