सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बमुरीपुर में आर्थिक तंगी और बेटी की शादी की चिंता के चलते एक ग्रामीण ने अंगौछे का फंदा बनाकर पेड़ से लटकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह खेत जा रही महिलाओं ने ग्रामीण के घरवालों को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम बमुरीपुर निवासी सुदामा (55) ने गुरुवार रात अंगौछे का फंदा बनाकर शीशम के पेड़ से लटक कर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के वक्त घर के सभी लोग सुदामा के साले की लड़की की शादी में शामिल होने निकटवर्ती गांव तुर्कीपुर सल्लापुर गए हुए थे।
इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सुदामा के दो लड़के रवी (22) व आकाश (15) के अलावा तीन पुत्रियां हैं। इसमें से दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। एक पुत्री सोनी (19) की अभी शादी होनी है। वहीं रवी बीए का छात्र है, जबकि आकाश इंटर में पढ़ रहा है। उसी को लेकर वह अक्सर सुदामा चिंतित रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि सुदामा के पास बीहड़ में ढाई बीघा ऊसर जमीन है। इस पर कोई भी फसल नहीं होती है। ऐसे में सुदामा मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया कि गुरुवार को घर के सभी सदस्य शादी में गए थे।
सुदामा भी कुछ देर के लिए शादी में शामिल होने गया था। लेकिन बाद में लौट आया। उधर, शुक्रवार की सुबह गांव में खेतों पर जाते समय महिलाओं ने पेड़ पर लटकते हुए किसी को देखा तो वह डर गई। तुरंत आकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने पेड़ पर लटक रहे शव की शिनाख्त सुदामा के रूप में की। इसके बाद सुदामा के घरवालों को सूचना दी गई। जानकारी पर सुदामा के घरवाले और कोतवाली पुलिस पहुंची। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।