अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के बगिया मंदिर के पास पुलिस ने छापा मारकर बाइक चोर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गैंग के सदस्यों के पास से पांच बाइकें और तीन मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। अछल्दा थाने के एसआई पवन यादव और एसआई पप्पू यादव व एसओजी प्रभारी संतोष मिश्रा ने बताया कि वह हमराहियों के साथ घसारा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। सूचना पर उन्होंने बगिया मंदिर के पास छापा मारा। वह चार लोग चोरी की पांच बाइकें बेचने की योजना बना रहे थे।
पुलिस टीम ने तीन को पकड़ लिया जबकि एक भाग निकला। मौके से संदीप यादव पुत्र महेश चंद्र निवासी राजापुरवा थाना फफूंद, सीटू यादव पुत्र संतोष कुमार निवासी नगला जगत थाना चौबिया जनपद इटावा, राकेश राजपूत पुत्र ईश्वर दयाल नगला बाबा थाना वैदपुरा जनपद इटावा को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक आरोपी सुखवीर राजपूत नाम का बदमाश भाग गया। पुलिस ने तीन बदमाशों को जेल भेज दिया है। सीओ भाष्कर वर्मा ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी औरैया, इटावा, मैनपुरी आदि जनपदों में चोरियों में लिप्त रहे। उन्होंने एसओजी टीम और थाना पुलिस की बदमाशों को पकड़ने के लिए बधाई दी है।