मुरादगंज (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की मुरादगंज चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम हैदरपुर निवासी एक युवक ने शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से नवविवाहिता व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
ग्राम हैदरपुर निवासी हरिओम (24) पुत्र रामप्रकाश की इसी साल फरवरी में शादी हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। हरिओम घर पर रहकर भाइयों के साथ खेतीबाड़ी में सहयोग करता था। शनिवार रात हरिओम बड़े भाई नारायण दास के साथ खेतों में पानी लगाने गया था। रात लगभग नौ बजे जब नारायण दास एक खेत पर था व हरिओम दो खेत दूर अन्य किसानों के साथ खेत में पानी लगा रहा था। तभी अचानक अन्ना जानवरों का झुंड आ जाने पर अन्य किसान उन्हें दूर तक हांकने चले गए। जब वह लौटकर आए तो हरिओम को अपनी जगह पर नहीं पाया। इस पर नारायण दास व अन्य ग्रामीणों ने उसे ढूंढना शुरू किया।
इस पर हरिओम को खेत के पास ही एक पेड़ से टंगा पाया। ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारा तब तक हरिओम की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, घर में किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं था। हरिओम शराब का आदी था। इससे पत्नी पिंकी से आए दिन नोंकझोंक होती रहती थी। इस संबंध में ऊंचा चौकी इंचार्ज प्रेमचंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। अभी घटना के पीछे का कारण पता नहीं चला है। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हकीकत का पता चल सकेगा।
-दस माह पहले ही हुई थी शादी, पुलिस को आत्महत्या की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो