अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव कंचौसी निकट जमौली में मंगलवार की शाम बिजली विभाग की टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान बिजली बिल जमा न करने पर एक उपभोक्ता का कनेक्शन काटने के दौरान पिता-पुत्र ने हाथापाई कर दी और केबिल छीन ली। जेई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जेई राजेंद्र ने थाना दिबियापुर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी टीम के साथ जमौली में छापेमारी करने गए थे। जहां पर कालिंद्री बिना बिजली बिल जमा किए बिजली का उपयोग कर रहे थे। कनेक्शन काटकर बिजली केबिल जब्त कर ली गई। इस पर कालिंद्री व पुत्र अतुल ने अभद्रता करनी शुरू कर दी। हाथापाई की और केबिल छीन ली। उन लोगों ने उसे घेर लिया और गाली गलौज की।
वे लोग किसी तरह से वहां से निकल पाए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पिता पुत्र के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
-सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज