कदौरा। कस्बा के चतेला स्टैंड पर मौरंग लदा एक ट्रक टेंपो को टक्कर मारता हुआ पलट गया। उसकी टक्कर से टेंपो भी पलट गया, जिसमें बैठी सवारियां घायल हो गईं। हादसा होने पर भीड़ इकट्ठी हो गई। ट्रक छोड़कर भाग रहे चालक व क्लीनर को लोगों ने पकड़कर धुन दिया। इससे पहले ट्रक एक अन्य आपे को टक्कर मारकर आया था, जिसमें बैठे कुछ लोग घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टेंपो सवार लोगों को सीएचसी पहुंचाकर चालक व क्लीनर को थाने में बंद कर दिया।
कस्बा कदौरा के चतेला स्टैंड पर राजकीय मुमताज इंटर कालेज के सामने एक मौरंग लदे अनियंत्रित ट्रक ने वहां खड़ी टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई और उसमें बैठी सवारियां दब गईं। टेंपो में टक्कर मारने के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे से अफरा तफरी मच गई। इसी बीच ट्रक का चालक व क्लीनर ट्रक से निकलकर भागने लगे। जिन्हें देखकर लोग दौड़े और पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया।
उधर हादसे में टेंपो चालक संजय निवासी चतेला व अरविंद कुशवाहा पुत्र शिवराम निवासी मोहल्ला बम्हौरी कस्बा कदौरा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाकी सवारियों को मामूली चोटें आई थी तो वह चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के चालक श्याम सिंह व क्लीनर जालिम सिंह निवासीगण गाजियाबाद को पकड़ लिया और उक्त दोनों घायलों को आनन फानन में सीएचसी पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि इस हादसे से पहले इस ट्रक ने चतेला के चिरइया नाले के पास एक लोडर में टक्कर मारी थी, जिसमें चालक छोटे (33) निवासी भेड़ी, प्रमोद कुमार अहरौली, जय सिंह (32) निवासी क्योतरा, संगीता (50) निवासी समसी, मालती निवासी समसी व अर्जुन (33) निवासी जलालपुर घायल हो गए थे। ग्रामीण ट्रक को पकड़ने के लिए पीछा कर रहे थे। इसी हड़बड़ाहट में ट्रक चालक राजकीय मुमताज इंटर कालेज के सामने टेंपो में टक्कर मार कर पलट गया।
सीएचसी में लापरवाही पर परिजनों का हंगामा
दोनों हादसों में घायल हुए लोगों को जब इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, वहां पर चिकित्सक व स्टाफ की लापरवाही को देखकर परिजन बिफर गए। सीएचसी में न तो पंखे चल रहे थे और नहीं घायलों पर कोई ध्यान दिया जा रहा था। इस पर परिजनों ने सीएचसी में हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके अलावा घायल दर्द से कराह रहे थे फिर भी काफी देर बाद डॉक्टर अपने कमरे से निकलकर उन्हें देखने आए। इस दौरान परिजनों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। मगर समय रहते पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने परिजनों को किसी तरह संभाल कर घायलों का इलाज शुरू कराया।
कस्बा कदौरा में चतेला स्टैंड पर हुआ हादसा
लोडर में टक्कर मारकर भाग रहा था ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो