अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पड़ोसी गांव के दो युवकों पर दुष्कर्म कर वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने न्यायालय के आदेश से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पड़ोस गांव के दीप सिंह व जितेंद्र सिंह दो महीने पूर्व उसके घर पर घुस आए। उसके साथ मारपीट की और डरा धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद वे वीडियो को वायरल कर देने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं। इससे वह व उसका परिवार परेशान है। युवती ने बताया उसने कोतवाली पुलिस से भी शिकायत की मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर
आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल जितेंद्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।