उरई। भोर के लुटेरे ने घर से मंदिर जा रही महिला के गले से चेन तोड़ ली। महिला ने उसका कुछ दूर तक पीछा भी किया लेकिन लुटेरा भाग निकला। महिला पूर्व प्रधानाचार्य की पुत्र वधू है। परिजनों ने महिला के साथ कोतवाली जाकर पुलिस को तहरीर भी दी। कोतवाल आरके सिंह का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
बंबीरोड निवासी शिव प्रताप की पत्नी सीलम देवी रोज की तरह सुबह 6 बजे के आसपास अपने घर से मंदिर जा रही थी। अभी वह मंदिर के निकट ही पहुंची थी कि तभी पीछे से दौड़कर आए लुटेरे ने उसके गले में झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन तोड़ ली। सीलम शोर मचाते हुए लुटेरे के पीछे दौड़ी लेकिन वह संकरी गलियों से होते हुए आंखों से ओझल हो गया।
चेन करीब एक से डेढ़ तोले के बीच की थी। इसके बाद महिला ने घर जाकर परिजनों को पूरी बात बताई। फिर परिजनों के साथ जाकर कोतवाली में तहरीर दी। महिला के मुताबिक जिस स्थान पर घटना हुई है, वहां आसपास कुछ घरों में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, यदि पुलिस उन्हें खंगालेगी तो लुटेरे की तस्वीरें भी हाथ लग सकती है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल हुलिए के आधार पर लुटेरे की तलाश की जा रही है। सीओ सिटी संतोष कुमार का कहना है कि सर्दी शुरू हो गई है और इसका फायदा लुटेरे उठाते हैं। इसलिए इनकी धरपकड़ के लिए सुबह के वक्त भी गश्त कराई जाएगी।