अमर उजाला ब्यूरो
माधौगढ़ (जालौन)। कस्बे के चितौरा बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने पैदल जा रहे बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बच्चे को सीएचसी ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, चालक बोलेरो लेकर भाग निकला।
कस्बा माधौगढ़ निवासी नरेश बाबू मंगलवार की शाम अपने पांच वर्षीय बेटे मंगल को लेकर पैदल बाजार जा रहे थे। वह जब चितौरा बस स्टैंड के पास सड़क पार कर रहे थे तभी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने मंगल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मंगल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होता देखकर आसपास के दुकानदार दौड़ पड़े। उन्हें आता देखकर चालक बोलेरो लेकर भाग निकला।
इसके बाद नरेश अपने बेटे को लहूलुहान हालत में आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया। वहां पर चिकित्सक ने उसका प्राथमिक उपचार किया और उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
-कस्बा माधौगढ़ के चितौरा स्टैंड पर हुआ हादसा