अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (औरैया)। मंगलवार रात करौंधा गांव में दो समुदायों में आपसी विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर चले। दोनों पक्षों के 10 लोगों को शांति भंग में जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम करौंधा निवासी एक युवक सपरिवार गांव के समीप बुढ़वा मंगल मेला देखने जा रहा था। रास्ते में किसी बात पर दूसरे समुदाय के व्यक्ति से कहासुनी हो गई। बाद में दोनों पक्षों की ओर से लोग इकट्ठा होने लगे। कुछ लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। दो अलग-अलग समुदायों में विवाद की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि उस समय कोई नहीं मिला। बुधवार सुबह दोबारा सूचना मिली कि दोनों पक्षों के लोग दोबारा विवाद कर रहे हैं।
इस पर थाना पुलिस दोनों पक्षों के मनोज कुमार, सर्वेश कुमार, आदेश कुमार, अमर सिंह, राकेश कुमार, अरविंद सिंह, खुशरूर हसन, जाकिर, सिराजुद्दीन व उजीर खां को पुलिस पकड़ लाई। दोनों पक्षों के 10 लोगों को शांति भंग के अंदेशे में जेल भेज दिया गया है। इधर, ग्रामीणों का आरोप है कि कई बेकसूर लोगों को भी पुलिस ने जेल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता का कहना है कि दोनों पक्षों के 10 लोगों को शांति भंग में पकड़ा गया है।
-पुलिस ने दोनों समुदायों के 10 लोगों को शांतिभंग में भेजा जेल