उरई। शहर के कालपी रोड स्थित मेडिकल कालेज के पास एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कार्पियो सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस स्कार्पियो सवार लोगों का पता लगा रही है।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलूपुरा निवासी चंद्रशेखर (45) पुत्र बेनीप्रसाद गुरुवार की सुबह पत्नी सरोज कुमारी (40) को साथ बाइक से उरई आ रहे थे। शहर के कालपी रोड स्थित एक नर्सिंग होम में उनके एक रिश्तेदार का इलाज चल रहा था। जिसे देखने के दोनों जा रहे थे।
उरई आते ही जैसे ही वह लोग नर्सिंग होम के पास स्थित राजकीय मेडिकल कालेज के सामने पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार चंद्रशेखर व सरोज को रौंद दिया। गाड़ी का पहिया सरोज पर चढ़ने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेलमेट न लगाए होने से चंद्रशेखर के सिर में गहरी चोट आ गई। हादसा होते ही वहां पर हड़कंप मच गया।
आस पास मौजूद दुकानदार दौड़कर आए। भीड़ को देखकर स्कार्पियो सवार लोग गाड़ी वहीं खड़ी कर भाग निकले। दुकानदारों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल चंद्रशेखर को आनन फानन में जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उनके परिजनों को इसकी सूचना दी। चंद्रशेखर की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लेकर उसमें सवार लोगों का पता लगा रही है।
कालपी रोड पर मेडिकल कालेज के पास हुआ हादसा
पति की हालत नाजुक, गाड़ी छोड़कर भागे सवार लोग
अमर उजाला ब्यूरो