अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस मारपीट के आरोपी को पकड़ लाई। एसडीएम कोर्ट में पेश करने ले जाते समय आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गांव में ही धर दबोचा।
मंगलवार की शाम कोतवाली पुलिस ने झगड़ा करने के आरोपी भड़ारीपुर निवासी आशुतोष पांडेय को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद कोतवाली पुलिस आरोपी को एसडीएम की कोर्ट में पेश करने जा रही थी। इसी बीच रास्ते से आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह ने कोतवाली पहुंचकर सूचना दी तो पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए दबिश दी।
इसके बाद कांस्टेबल की तहरीर पर पुलिस ने अभिरक्षा से भागने की रिपोर्ट आरोपी के खिलाफ दर्ज कर ली। दो माह में तीसरी बार आरोपी के भागने की घटना से उच्चाधिकारी भी सकते में आ गए। इधर, कोतवाली पुलिस ने बुधवार की सुबह दबिश देकर आरोपी आशुतोष को गांव से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाल ने बताया कि आरोपी एसडीएम कोर्ट जाते समय फरार हो गया था जिसे आज सुबह पकड़ लिया गया है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।