फफूंद (औरैया)। नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को दोपहर आवासों की सूची को लेकर नगर पंचायत के एक कर्मचारी और सभासद में वाद विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। नगर पंचायत कर्मचारी ने पुलिस को तहरीर देकर सभासद पर मारपीट करने व सरकारी अभिलेखों को फाड़ने का आरोप लगाया। वहीं, सभासद ने पंचायत कर्मचारी के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर दी।
नगर पंचायत कार्यालय में आशीष बाजपेयी कंप्यूटर आपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। आशीष का आरोप है कि सोमवार की दोपहर तीन बजे वह कार्यालय में थे। तभी सभासद प्रबल शर्मा अपने एक साथी के साथ आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। कार्यालय में मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव किया तो सभासद ने उनके साथ भी बदसलूकी की और कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। कर्मचारी का आरोप है कि मारपीट के दौरान सभासद ने उसका 23 हजार 500 रुपयों से भरा पर्स भी ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को शांत कराया। कर्मचारी ने सभासद व उसके एक साथी पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। वहीं सभासद प्रबल शर्मा ने कंप्यूर आपरेटर पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी, दोनों के बीच वार्ता चल रही थी।
---