अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
रामकेश की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किए जाने से मौत की पुष्टि हुई है। घटना में नामजद सभी आरोपी फरार हैं। आरोपियों के घर में कोई नहीं है। शनिवार देर रात पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश भी दी। गांव में पीएसी तैनात है।
बेला थाना क्षेत्र के पुरवा दूजा निवासी रामकेश दोहरे (45) शुक्रवार देर शाम औरैया कचहरी से अपनी पुत्री के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। तभी चौथा मील भट्ठा के पास दबंग उसकी बेटी के सामने ही बोलेरो में उसे जबरन खींच कर ले गए थे। शनिवार सुबह उसका शव सहायल थाना क्षेत्र के चौथा मील भट्ठे के पास मिला था। इस मामले को लेकर परिजनों ने जाम लगाया था और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने पुरवा दूजा के ही भाजपा के पूर्व सहार मंडल अध्यक्ष सर्वेश चौबे समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। सहायल थानाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भारी चीज से सिर पर प्रहार कर मारने की पुष्टि हुई है। इस बिंदु को लेकर पुलिस आगे बढ़ रही है। शनिवार देर रात पुलिस ने आरोपियों के घर में छापा भी मारा था पर घर पर कोई नहीं मिला। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने जल्द ही पकड़ने का दावा किया है। उधर, सीओ सिटी वंदना ने बताया कि घटना से दो दिन पहले रामकेश ने कोर्ट के आदेश पर सर्वेश आदि के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में वह औरैया कोर्ट में बेटी के बयान दर्ज कराने गया था। लौटते समय आरोपियों ने उसे अगवा करके मार डाला। पूरे मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं सहार के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वेश चौबे ने पदाधिकारियों को बताया है कि गांव की ही व्यक्ति की पुत्री की दिबियापुर में एक्सीडेंट में हुई मौत के बाद वह घटना वाले दिन कन्नौज गए थे। जबकि उनका बेटा रामजी कानपुर में था। इसलिए उनका एवं उनके परिजनों का इसमें कोई दोष नहीं है।
इनसेट
रामकेश के घर में पसरा रहा मातम
रामके श के घर में दूसरे दिन भी मातम का माहौल रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में आक्रोश का माहौल है। गांव वालों का कहना है कि दबंग अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। रामकेश के घर पर मौजूद परिजनों को सांत्वना देने वालों की भीड़ जमा रही। वहीं लोगों ने बताया कि स्थानीय पुलिस आई थी, कुछ देर बाद लौट गई। आरोपियों के खिलाफ कोई भी बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। हालांकि एहतियात के तौर पर गांव में अब भी पीएसी तैनात है। उधर, रामकेश की पत्नी राजकुमारी ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। दिए गए प्रार्थना पत्र में उसने कहा कि उसके पति का अंतिम संस्कार कर जब परिजन लौटे तो गांव में तैनात पीएसी चली गई। जिससे परिजन दहशत में हैं।
- मुकदमे की रंजिश में की गई थी रामकेश की हत्या
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर भारी चीज से प्रहार से मौत की पुष्टि
- नामजद भाजपा के पूर्व सहार मंडल अध्यक्ष समेत चारों आरोपी फरार
- पुलिस ने देर रात आरोपियों के घर पर मारा छापा
फॉलोअप
फोटो25एयूआरपी 13- गांव में तैनात पीएसी।
फोओ25एयूआरपी 14- घर में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने को जमा ग्रामीणों की भीड़।