अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार को रुपये जमा करने पहुंचे एक युवक के बैग से 55 हजार रुपये गायब हो गए। पीड़ित ने बैंक के अंदर ही टप्पेबाजी होने का आरोप लगाया। बैंक अधिकारियों ने तत्काल मेन गेट बंद करवाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौजूद लोगों की तलाशी ली व सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन उन्हें किसी भी प्रकार का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद पीड़ित मायूस होकर लौट गया। सीओ सिटी वंदना सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मरदाना गांव निवासी रामसरन बुधवार को बैग में 55 हजार रुपये नगद लेकर पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे। जब उसने बैग में रुपये निकालने को हाथ डाला तो उसके होश फाख्ता हो गए। तत्काल इधर-उधर खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। युवक ने इसकी जानकारी पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर नसीर खान को दी। बैंक मैनेजर ने तत्काल मेन गेट का शटर बंद करवाया। साथ ही बैंक में मौजूद सभी उपभोक्ताओं से बाहर न जाने का अनुरोध करते हुए इस मामले में सहयोग की अपील की। इसके बाद बैंक मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। वहीं पीड़ित युवक ने अपने मालिक सतीश यादव को रुपये गायब होने की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और बैंक के अंदर मौजूद सभी उपभोक्ताओं की तलाशी ली। लेकिन किसी के भी पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने बैंक मैनेजर के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। लगभग डेढ़ घंटे के अथक प्रयास के बाद भी पुलिस को कोई सुराग हासिल नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के अलावा तलाशी के बाद भी कोई सुराग न मिलने से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि युवक के बैग से रुपये बैंक की बजाय कहीं और निकल गए हैं। हालांकि अनमोल एजेंसी वोडाफोन के मालिक सतीश यादव का कहना है कि उक्त युवक उनके यहां कई साल से काम कर रहा है। आज तक उसकी कोई शिकायत नहीं मिली है। ऐसे में उक्त युवक पर शक करना बेईमानी होगी।
बैंक में सुरक्षा कर्मी की कमी
पंजाब नेशनल बैंक में मुख्य गेट के पास किसी भी सुरक्षा कर्मी के न होने से उपभोक्ताओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है। बुधवार को भी बैंक में लेन-देन को लेकर ग्राहकों की भारी भीड़ थी। इसके बावजूद कोई गार्ड मौजूद नहीं था। बैंक मैनेजर नसीर खान ने बताया कि बैंक की ओर से कोई व्यक्तिगत गार्ड तैनात नहीं है। पुलिस की ओर से होमागार्ड मिल जाते हैं उन्हीं के सहारे काम चलता है। लेकिन घटना के दिन बुधवार को बैंक में होमगार्ड भी मौजूद नहीं थे।
- रुपये जमा करने बैंक पहुंचे युवक के बैग से 55 हजार गायब
- सूचना पर पहुुंची पुलिस को सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद नहीं मिला सुराग
फोटो06एयूआरपी 06- बैंक में लोगों से पूछतांछ करती पुलिस व मौजूद पीड़ित युवक
फोटो06एयूआरपी 07- सीसीटीवी फुटेज खंगालते बैंक मैनेजर नसीर खान