अमर उजाला ब्यूरो
फफूंद।
कस्बे में पायनियर कंपनी का नकली बीज बेचे जाने की जानकारी पर कंपनी के अधिकारियों ने दुकान पर छापामारी की। अधिकारियों ने मौके से भारी मात्रा में पायनियर कंपनी लिखा बीज बरामद हुआ है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि बीज का सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को नगर के अछल्दा चौराहे के पास बाबरपुर रोड पर स्थित किसान सेवा केंद्र पर पायनियर कंपनी का बाजरे का नकली बीज बेचा जा रहा है। इसकी सूचना मिलने पर पायनियर कंपनी के अधिकारी अमित कुमार मिश्रा ने अपनी टीम के साथ ने किसान सेवा केंद्र पर पहुंचकर छापामारी की। अधिकारियों को मौके से पायनियर कंपनी लिखे भारी मात्रा में बीज के पैकेट मिले। इस पर कंपनी के अधिकारियों ने केंद्र पर बीज बेच रहे ग्रामीण को पकड़ कर थाने पहुंचाया। अधिकारियों ने सैंपल को जांच के लिए भेज दिया है। इस मामले में थाना पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में किसी भी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि उनकी ओर से किसान सेवा केंद्र पर मिले बीज का सैंपल ले लिया गया है। इसकी जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
- नकली बीज बेचे जाने की जानकारी पर पायनियर कंपनी के अधिकारियों ने मारा छापा