कोंच। झांसी मंडल की अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर ने बुधवार देर शाम विकास खंड कोंच के दो गांवों पचीपुरी और कुदारी का निरीक्षण किया। दोनों गांवों में जगह-जगह पसरे अतिक्रमण देख नाराज आयुक्त ने अधिकारियों को तीन दिन का वक्त देते हुए कब्जे हटवाने की बात कही।
ग्रामीणों ने आयुक्त को बताया कि लेखपाल यदाकदा ही गांवों में आते हैं। इससे ग्रामीणों को अपने कामों के लिए काफी परेशान होना पड़ता है। ग्राम पचीपुरी के सरकारी स्कूल में उन्होंने जन चौपाल लगाकर सरकारी योजनाओं की समीक्षा की।
गांव में न केवल सरकारी जमीनों बल्कि आम रास्तों में भी बहुतायत में पसरे अतिक्रमण पर उन्होंने खासी नाराजगी जताई। कहा कि इससे साफ है कि अवैध कब्जों के हटाने में गंभीरता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन में भी खामियां देखीं, इसमें पांच पात्र लोग पेंशन न मिलने से परेशान मिले।
उन्होंने कुदारी गांव का भी निरीक्षण किया और यहां भी स्थिति संतोषजनक न पाकर सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सुरेश सोनी, तहसीलदार भूपाल सिंह, एडीओ नरेश दुबे, सीडीपीओ वंदना वर्मा, चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार सिंह, कानूनगो रामबालक, डॉ कमलेश राजपूत, एएनएम किरन रायकवार, लेखपाल पीयूष वर्मा आदि मौजूद रहे।
तीन दिन में कब्जे हटाने के निर्देश
पेंशन न मिलने की शिकायतें मिलीं
अमर उजाला ब्यूरो