आटा। कस्बा आटा में एक घर में मासूम बच्ची को अकेला पाकर एक लुटेरे ने उससे मारपीट कर लूटपाट की। उसने पहले खुद को मामा बताकर बच्ची से जेवरात के बारे में पूछा। उसके न बताने पर मारपीट की और फिर बक्से से जेवरात व नगदी लेकर भाग निकला। खेत से लौटे परिजनों से उसने पूरी बात बताई। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा आटा निवासी मनोज पुत्र हरिचरन पांचाल शुक्रवार सुबह मजदूरी करने कस्बे से बाहर गया था और पत्नी खेत में काम करने गई थी। इस कारण उसकी 10 वर्षीय मासूम बेटी पलक घर में अकेली थी। सुबह करीब 10 बजे वह घर के बाहर खेल रही थी तभी वहां एक युवक पहुंचा। उसने पलक से खुद को मामा बताया और घर में घुस आया। पानी पीने के बाद उसने पलक से जेवरात व रुपये रखे होने की जगह पूछी।
पलक ने उसे बताने से मना कर दिया तो उसने उसे डराते धमकाते हुए थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इस पर पलक ने रोते हुए उसे बक्से का पता बता दिया। उस युवक ने तुरंत घर का दरवाजा बंद किया और अंदर जाकर बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात व नगदी लेकर पलक को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। दोपहर में जब मनोज व उसकी पत्नी घर पहुंची तो पलक ने रो रो कर सारी बात बताई, जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। वह दौड़कर बक्से के पास पहुंचे, जहां पूरा सामान नदारत था।
मनोज ने बताया कि लुटेरा बक्से में रखे 8 हजार रुपये नगद, सोने के बाले, बिछिया, पायल आदि ले गया है। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मनोज ने थाने में लूट की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामा बनकर घुसा लुटेरा नगदी व जेवरात ले गया
अमर उजाला ब्यूरो