अजीतमल (औरैया)। क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मण की मढ़ैया के पास बंबा के किनारे खड़े एक पेड़ से युवक का शव फांसी पर झूलता ग्रामीणों ने देखा। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने मृतक की पत्नी और कोतवाली पुलिस को दी। मृतक के परिजनों ने हत्याकर शव लटकाने की आशंका जाहिर की। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की बात कही।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लक्ष्मण की मढ़ैया भीखेपुर निवासी परशुराम (40) मूल रूप से ग्राम मदियापुर थाना राजपुर जिला कानपुर देहात का निवासी थे। वह अपनी ससुराल लक्ष्मण की मढ़ैया पत्नी व चार बच्चों के साथ रह रहा था। गुजरात में रहकर प्राइवेट काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह गुजरात से अपनी ससुराल लक्ष्मण की मढ़ैया में अपनी पत्नी व बच्चों से मिलने आए थे। शुक्रवार को गांव के बाहरी छोर पर स्थित एक बाग के किनारे बंबे के पास लगे यूकेलिप्टस के पेड़ से गले में रस्सी के सहारे बंधे शव को लोगों ने झूलते देखा। तो इसकी सूचना गांव में मौजूद उसकी पत्नी व मदियापुर गांव में परिजनों को दी। मदियापुर गांव से पहुंचे मृतक के भाई और अन्य परिजनों ने शव को फांसी का रूप दिए जाने का आरोप लगाया। शरीर पर पड़े काले निशान और हाथों में चोट के निशान से हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया। मृतक के भाई मदियापुर निवासी वंशलाल ने हत्या कर फांसी का षड़यंत्र रचे जाने का आरोप लगाया है। कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वंशलाल की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बंबा किनारे पेड़ से लटकता मिला युवक का शव
-परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
- पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल आया था मृतक