औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के जमुही गांव में घास काटने गई युवती की हत्या के मामले में पिता ने अज्ञात के खिलाफ थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
शुक्रवार को दोपहर जमुही गांव में विनीता कठेरिया (32) पुत्री बेंचेलाल जानवरों के लिए घास काटने गई थी। उसकी अब तक शादी नहीं हुई थी। देर शाम तक घर न लौटने से परिजनो ने खेत पर जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ी मिली थी। मृतका के पिता बेंचेलाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है वह पीताम्बरपुर निवासी रामनारयण का खेत बटाई पर लिए है। जिसमें लाही की फसल खड़ी है उसकी पुत्री शुक्रवार को दोपहर खेत से घास लेने गई थी। जब शाम तक नहीं लौटी तो वह देखने गया तो उसकी गर्दन में उसके ही दुप्पटे व सलवार गले में लिपटा हुआ था। उसकी गला घोट कर अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी। उसके पास ही खुरपी व घास भी पड़ी थी। पुलिस ने धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाने के बाद हत्या का कारण पता चल सकता है। पीड़ित का कहना है कि उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उधर घटना की सूचना पर अनुसूचित जाति की जिलाध्यक्ष ललिता दिवाकर, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप दिवाकर, जिला महामंत्री अनीता गौतम, राहुल कठेरिया ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
-पिता ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो