अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
सूर्या पैलेस सत्तेश्वर तिराहे पर रविवार दोपहर तीन बदमाशों ने एक व्यापारी को रोक कर उससे रंगदारी मांगी। इसी बीच एक बदमाश ने व्यापारी की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और झोला छीनकर भागने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया और पीटने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जबकि एक आरोपी मौके से भाग गया। पीड़ित ने कोतवाली में दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला गढ़ैया निवासी विजय तिवारी रविवार दोपहर बाजार से दुकानदारों से पैसे लेकर वापस साइकिल से घर आ रहे थे। जैसे ही वह सूर्या पैलेस मोहल्ला सत्तेश्वर के मुख्य सड़क पर पहुंचा था तभी नशे की हालत में तीन दबंग आए और उसे रोककर रंगदारी मांगने लगे। जब उसने रंगदारी देने से मना किया तो एक अन्य आरोपी ने तमंचा निकालकर विजय की कनपटी में लगा दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार दौड़ पड़े और दो आरोपियों को पकड़ लिया। जबकि तीसरा बदमाश साइकिल में टंगा झोला लेकर फरार हो गया। दुकानदारों ने दोनों बदमाशों की जमकर मारपीट की और एसओ पवन पांडेय के हवाले कर दिया। पीड़ित व्यापारी विजय तिवारी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
- व्यापारी से रंगदारी मांग रहे युवकों को पीटा
- लोगों ने दो को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
- साइकिल पर टंगे झोले को लेकर एक आरोपी मौके से फरार