कोंच। पिछले कई दिनों से कस्बे में सक्रिय टप्पेबाज पुलिस के लिए खासा सिरदर्द बने थे। मंगलवार को दो टप्पेबाजों ने लोगों को ठगकर भागने का प्रयास किया तो भीड़ ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल का कहना है कि पकड़े गए टप्पेबाजों से उनके पूरे गैंग के बारे में पता किया जा रहा है।
मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे सूरज प्रसाद पुत्र रक्सी निवासी बसोव किसी काम से उरई आया था। वहां से लौटने के बाद वह बैंक की तरफ जा रहा था। चंदकुआ से थोड़ा पहले एक्सिस बैंक के पास उसके पास एक बाइक आकर रुकी और बाइक सवार दो लोगों ने उससे कैलिया जाने का रास्ता पूछा तो उसने हाथ से इशारा कर बता दिया। युवकों ने अपनी बातों में फंसा कर सूरज को अपनी बाइक में बैठा लिया।
आगे जाकर सूरज को महसूस हुआ कि युवक उसके साथ कोई कारस्तानी कर रहे हैं सो उसने अपनी जेब देखी जिसमें रखे दस हजार रुपये गायब थे। इस पर वह चिल्लाने लगा तो युवकों ने उसे धक्का देकर बाइक से उतार दिया और नगर पालिका की ओर भागे। आगे बदमाशों की बाइक और पीछे पीछे पैदल सूरज चोर चोर चिल्लाकर भाग रहा था।
एक बाइक सवार उन बदमाशों के पीछे लग गया और नगर पालिका के पास उन बदमाशों की बाइक गिरा कर उन्हें दबोच लिया। आसपास के लोगों ने भी उन दोनों को घेर लिया। इसके बाद टप्पेबाजों की जमकर पिटाई की गई। फिर पुलिस को सौंप दिया। सूरज की जेब से पार किए गए दस हजार में साढे़ नौ हजार उन बदमाशों के पास से बरामद भी हो गए। जबकि पांच सौ का नोट कहीं गुम गया। पुलिस उन बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
10 हजार का चूना लगाकर भाग रहे थे, पुलिस को सौंपे गए
अमर उजाला ब्यूरो