उरई। गैंगस्टर कोर्ट में पेशी पर आए सजायाफ्ता कैदी के भागने के मामले में पुलिस ने अब उसे पनाह देने वाले दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उसके भागने के बाद इन दोनाें लोगों ने उसकी मदद की, साथ ही उसे पनाह दी थी।
बुधवार को उरई की गैंगस्टर कोर्ट में पेशी पर आया हत्या मामले का सजायाफ्ता कैदी देवेंद्र यादव उर्फ दऊआ पुत्र करन सिंह यादव निवासी ग्राम चकजगदेवपुर जजी परिसर से ही पेशाब जाने का झांसा देकर भाग निकला था। कैदी को कोर्ट हवालात से पेशी पर होमगार्ड चंदर ले गया था, जबकि कैदी के साथ किसी सिपाही को भेजा जाना चाहिए था। कैदी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
कैदी को पेशी पर भेजे जाने में लापरवाही बरतने पर पुलिस लाइन के उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव की तहरीर पर लॉकअप प्रभारी सूर्यप्रताप तिवारी, अरविंद कुमार शर्मा और होमगार्ड चंदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। अब कोतवाली पुलिस ने दऊआ को पनाह देने वाले राकेश यादव निवासी ग्राम निपनियां थाना सिरसाकलार और देव सिंह निवासी चकजगदेवपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दऊआ को पकड़ने के लिए उसके हर करीबी और रिश्तेदार पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
28 फरवरी को गैंगस्टर कोर्ट में पेशी के दौरान भाग गया था
अमर उजाला ब्यूरो