औरैया। मैनपुरी सिरसागंज मार्ग पर 31 अगस्त की रात ओला कार लूटकर चालक की हत्या अंतरराज्यीय गैंग के लोगों ने की थी। सोमवार को एसपी त्रिवेणी सिंह ने इसका पर्दाफाश किया। पुलिस ने गैंग के पांच शातिरों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। उनकी निशानदेही में हत्या में प्रयुक्त असलहे के अलावा लूटी गई ओला कैब भी बरामद कर ली गई है। गैंग के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है।
एसपी त्रिवेणी सिंह ने सोमवार को सदर कोतवाली में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 31 अगस्त को फिरोजाबाद पुलिस ने मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया था। लुटेरे ड्राइवर की हत्या कर ओला कैब लूट ले गए थे। बिधूना कोतवाली पुलिस ने 2 सितंबर की रात क्षेत्र मेें चेकिंग के दौरान बिना नंबर की वैगनआर कार में बैठे लोगों से पूछताछ की तो कुछ गड़बड़ लगा। पुलिस ने सभी को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग पर वारदात का खुलासा हो गया। पकड़े गए शातिरों ने बताया कि उन लोगों ने ग्राम रामगढ़ थाना दिबियापुर निवासी अपने एक साथी छोटे पुत्र अरविंद के साथ 31 अगस्त को बल्लभगढ़ हरियाणा से 2300 रुपये में ओला के जरिए वैगनआर कार को आगरा के लिए बुक किया। कार लेकर जब वह फिरोजबाद क्षेत्र में मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग पर पहुंचे तो गमछे से चालक का गला घोटकर शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। वह उसी कार को बेचने के लिए योजना बना रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एसपी ने बताया कि का मुख्य काम ओला कैब को बुक करके उसको लूटना है। ये लोग दिल्ली, हरियाणा आदि राज्यों में वारदाते कर चुके हैं। इनके नाम अनिल नागर पुत्र शिवशंकर, राहुल पुत्र छोटे लाल निवासी रामगढ़ थाना दिबियापुर औरैया, हिमांशु पुत्र राजेंद्र मिस्त्री निवासी हरचंदपुर थाना दिबियापुर औरैया, प्रवीन पुत्र बाबूराम निवासी पड़खौली थाना बसौली जिला आगरा, नितिन पुत्र रामसरन निवासी रामदास पुरवा थाना बिधूना औरैया बताया है। एसपी के मुताबिक पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य शातिरों की तलाश की जा रही है।
इनसेट---
बरामद हुए असलहे
पकड़े गए हत्यारोपियों के कब्जे से पुलिस ने तलाशी के दौरान वैगनआर कार, दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा 315 बोर, दो कारतूस 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर व दो कारतूस 12 बोर व तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
इनसेट---
इन्हें किया गया पुरस्कृत
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बिधूना सीओ के नेतृत्व में बड़ी घटना का खुलासा करने में शामिल इंस्पेक्टर कोतवाली आलोक कुमार दुबे, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक अंकित शर्मा, कांस्टेबल रीतेश कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल सुमित सिंह, कांस्टेबल रामनाथ, कांस्टेबल शिवराम, कांस्टेबल गोपाल चौधरी, कांस्टेबल दीपक चौधरी, कांस्टेबल शिव सिंह को बीस हजार के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
इनसेट---
ओला कंपनी से मिसिंग कारों की सूची मांगी
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि ओला कंपनी के संचालक से बात करके अब तक मिसिंग ओला कैब की सूची मांग गई है। ओला कैब में जीपीआरएस सिस्टम लगा रहता है। इसके जरिए मिसिंग कैब की खोजबीन और इस कृत्य में शामिल जिले के अन्य अपराधियों की धरपकड़ की जा सके।