दिबियापुर (औरैया)। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य की बेटी को बुरी नियत से दो युवकों ने खेतों में खींच लिया। उलाहना देने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज युवकों की तलाश शुरू की है।
पीड़िता के भाई ने रिपोर्ट में बताया कि चार दिनों से बहन पर गांव का शैलेंद्र कुमार व मोहित कुमार फबतियां कस रहे थे। गुरुवार को बहन खेतों पर गई थी तो ये लोग उसे बुरी नियत से खेत की ओर खींच ले गए। खेत से लौटी बहन ने मां को जानकारी दी।
इस पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मां उलाहना देने सर्वेश कुमार के घर गई तो वह गाली-गलौज करने लगा। बाद में सर्वेश कुमार व उनके पुत्र शैलेंद्र, सुमित कुमार व रामचंद्र, पत्नी कमलेश कुमारी ने कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड, पत्थर आदि लेकर हमला कर दिया। जिससे बहन, मां और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा का कहना है कि मामले में नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। (संवाद)