अयाना। घर में खाना बनाने के दौरान महिला अचानक से बेहोश हो गई। महिला को बेहोश होते देख परिजन उसे लेकर सीएचसी अयाना पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देख महिला को सैफई रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कस्बा अयाना निवासी किशन बिहारी ने बताया कि उसकी पत्नी मीनू (45) गृहिणी के साथ-साथ मनरेगा में मजदूरी भी करती थी। मंगलवार सुबह खाना बनाने के दौरान वह बेहोश होकर फर्श पर गिर गई। परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार दोपहर को उसने दम तोड़ दिया।
मीनू की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। बेटी बबली, कोमल व बेटे अनुपम का रो-रोकर बुरा हाल है। सैफई मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद देर शाम उसका शव घर पहुंचा। घटना के संबंध में कार्यवाहक थानाध्यक्ष एसआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।