अछल्दा। करवाचौथ के दिन घर के बाहर नहीं निकलने देने पर बहू व ससुर के बीच कहासुनी हो गई। बहू अछल्दा थाने जाने की बात कहकर 13 बी रेलवे क्रासिंग पर आत्महत्या करने पहुंच गई। राहगीर व गेटमैन ने उसे बचाकर आरपीएफ को सूचना दी।
अछल्दा के नगरिया गांव निवासी अवनीश कुमार मजदूरी करते हैं। गुरुवार सुबह पत्नी पिंकी घर से किसी काम के संबंध में बाहर जाने की बात कहकर निकल रही थी। इस पर ससुर मानसिंह ने टोक दिया। दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
महिला घर से अछल्दा थाने में जाकर शिकायत करने की बात बोलकर निकल गई। इसी बीच वह थाने न जाकर अछल्दा रेलवे क्रासिंग 13 बी गेट के पास पहुंची। दिल्ली-हावड़ा रेलवे मार्ग पर सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर ट्रेन की आने की जानकारी पर खड़ी हो गई।
मौके पर मौजूद राहगीर व गेटमैन नरेश राजपूत ने महिला को ट्रैक से खींचकर हटाया तो वह बेहोश हो गई। गेटमैन ने आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ के हेड कांस्टेेबल संत कुमार शर्मा ने पूछताछ की तो महिला ने ससुर से कहासुनी की बात कही।
आरपीएफ ने महिला के पिता रामसिंह व पति अवनीश कुमार से जानकारी की और महिला को सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि उनके पास इस तरह की घटना की जानकारी नहीं आई है।