औरैया। अछल्दा के बैशौली निवासी अनुसूचित जाति के छात्र निखित की मौत के बाद दूसरे दिन मंगलवार को भी लोगों में आक्रोश रहा। तनाव को देखते हुए पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी रखी। बाहर से आने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। सुबह 10 बजे से खुलने वाला नहर बाजार, सरायां बजारा, स्टेशन बाजार, हरीगंज, ब्लॉक चौराहा, महेवा रोड अछल्दा का बाजार बंद रहा। एडीजी, आईजी, कमिश्नर समेत आला अधिकारी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
सात सितंबर को आदर्श इंटर कॉलेज के कक्षा-10 के छात्र निखित (15) की सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अश्वनी सिंह ने टेस्ट लेने के नाम पर पिटाई कर दी थी। इसके बाद छात्र की हालत बिगड़ गई और उसे सैफई के आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह विवि में ही उसने दम तोड़ दिया। देर शाम शव लेकर पहुंचे परिजनों, ग्रामीणों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कॉलेज के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ये लोग सड़क पर शव रखकर जाम लगाने लगे। इससे पुलिस सख्त हो गई। इसके बाद लोगों के उग्र होने से हालात बिगड़ गए। लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और जीप को आग के हवाले कर दिया। इसमें तीन-चार पुलिस कर्मी भी चुटहिल हो गए। इस दौरान डीएम की गाड़ी के शीशे भी टूट गए थे। इसके बाद कई थानों से पुलिस बल पहुंचा और स्थिति संभाली।
सोमवार रात भड़की हिंसा और पुलिस जीप फूंकने के बाद मंगलवार को पुलिस सख्त नजर आई। अछल्दा की सीमा पर बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग शुरू की गई। पुलिस ने जिस स्थान पर शव रखकर हंगामा व जाम लगाया गया और पुलिस की जीप फूंकी गई, उस स्थान पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखे हैं।
रात में तीन घंटे चली पंचायत, परिजनों को मनाते रहे अफसर
औरैया। सोमवार रात 10 बजे आईजी प्रशांत कुमार, कमिश्नर डॉ. चंद्रशेखर, डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव समेत आला अधिकारी बैशौली गांव पहुंचे। देर रात एक बजे तक गांव के प्रमुख लोगों के बीच पंचायत चलती रही। मुआवजे के तौर पर तीन लाख रुपये का चेक और पट्टे के आश्वासन पर परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।
गांव पहुंचे अफसरों के सामने परिजनों ने मांग रखी कि शिक्षक के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई हो। इस पर आईजी ने कहा कि पुलिस की टीमें शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए लगी हैं।
मुआवजे की मांग पर डीएम ने प्रशासन की ओर से तीन लाख रुपये का चेक दिया। डीएम ने बीडीओ सतीश चंद्र पांडेय व प्रधान को बुलाकर पट्टा दिलाने का आश्वासन दिया। शासन स्तर से भी मदद दिलाने का प्रयास करने की बात कही।
औरैया में छात्र की मौत का मामला...छल्दा नहर कोठी पर चेकिंग करती पुलिस। संवाद- फोटो : AURAIYA
औरैया में छात्र की मौत का मामला... आक्रोशित महिलाओं को समझाती पुलिस। संवाद- फोटो : AURAIYA