दिबियापुर (औरैया)। ककोर में कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण करने का प्रयास किया। बीच रास्ते हुई घटना को देखकर आसपास के दुकानदार दौड़ पड़े तो युवक बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस तलाश में जुटी है।
फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 12 की छात्रा ककोर में कोचिंग पढ़ने जाती है। सोमवार शाम को वह साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए जा रही थी। छात्रा के अनुसार वह ककोर में एक मिठाई की दुकान के पास पहुंची, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसकी साइकिल रोक ली और बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।
शोर मचाया तो दुकानदार दौड़ पड़े। इस पर युवक भाग गए। लोगों ने फोन पर पीड़िता के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पीड़िता का भाई और मां हड़बड़ाकर मौके पर पहुंचे। इस बीच थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल की। पीड़िता ने बताया कि उसने एक युवक को पहचान लिया है। वह गांव का ही युवक है।
दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा का कहना है कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।