नशे में ड्यूटी पर पहुंचे सिपाही का हंगामा
औरैया। शहर में दिबियापुर रोड स्थित शहीद पार्क में चौरी चौरा शताब्दी कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने नशे की हालत में हंगामा काटा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस ने तत्काल नशे में धुत सिपाही को वहां से हटाया। इस मामले में एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि नशे में धुत सिपाही का एक वीडियो वायरल होने की जानकारी हुई है। इस मामले में तत्काल उसको ड्यूटी प्वाइंट से हटाकर मेडिकल के लिए भेजा गया है। साथ ही उसके खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार संबंधित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।