फफूंद। कस्बे के महाजनान मोहल्ले में चूड़ी व्यापारी के घर घुसे चोर ने दो लाख रुपये की नगदी व जेवर समेत करीब चार लाख का माल पार कर दिया। सोमवार सुबह जानकारी होने पर व्यापारी ने सूचना पुलिस को दी। सीओ अजीतमल व थानाध्यक्ष ने एक दुकान में लगा सीसीटीवी फुटेज चेक किया, जिसमें एक शख्स कैद हुआ।
कस्बे के मोहल्ला महाजनान निवासी राकेश कुमार चूड़ी व्यापारी हैं। बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास मिला है, जिसमें इन दिनों निर्माण चलने की वजह से गेट नहीं लगा है। रविवार रात को व्यापारी ने पत्नी सरिता व दो बच्चों के साथ खाना खाया। इसके बाद वह बाहरी कमरे में सो गया।
पत्नी दोनों बच्चों के साथ अंदर सो गई। तभी देर रात किसी समय आवास में चोर घुस गए और अंदर कमरे में रखी अलमारी को खोलकर उसमें से दो लाख रुपये की नकदी, पांच अंगूठी, चेन, झुमकी समेत करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार वह सोकर उठे तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और नकदी व जेवर गायब थे।
चोरी की जानकारी पर मोहल्ले के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर सीओ अजीतमल भरत पासवान व फफूंद थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा मौके पर पहुंचे और गृहस्वामी व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद मोहल्ले के एक घर के बाहर बनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए।
फुटेज में एक युवक राकेश के घर में घुसने के एक घंटे बाद अंदर से निकलता हुआ दिखाई दे रहा है, वह टोपा लगाए है। फुटेज के आधार पर पुलिस उस शख्स की तलाश में लगी है। थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि पीड़ित ने चोरी की तहरीर दी है। फुटेज में दिखे युवक शख्स की तलाश में पुलिस टीम लगी है।