फोटो-28एयूआरपी-16- थाने में मौजूद दूल्हा राहुल
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल (औरैया)। बाबरपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में पहुंची एक युवती ने फेरे लेने जा रहे दूल्हे पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस दूल्हे को थाने ले आई और मुकदमा दर्ज किया है।
इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के डूडूपुरा निवासी राहुल प्रताप उर्फ नीलू की शादी अयाना थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से तय थी। रविवार को राहुल बरात लेकर मुरादगंज के एक गेस्ट हाउस पहुंचा। रात में द्वार चार के बाद शादी की रस्मे चल रही थी। भोर पहर दूल्हा और दुल्हन के फेरे की तैयारी चल रही थी। इसी बीच पुलिस के साथ पहुंची युवती ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। युवती ने राहुल के ऊपर चार साल से शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाने शुरू कर दिए।
मामला बढ़ता देख पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने आ गई। इधर दोनों पक्ष के लोग भी थाने जा पहुंचे। पुलिस ने युवती की तहरीर पर राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रजनीश कटियार ने बताया कि युवती और राहुल में चार साल से प्रेम संबंध थे। युवती के कोर्ट में बयान कराए गए हैं। बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।