दिबियापुर। सहार के पुर्वा सुजान के पास स्थित कुर्सी गांव में नहर पर लगभग दो वर्षों से बंद पुल का निर्माण एक बार फिर से शुरू हो सकेगा। सिंचाई विभाग द्वारा बनाई गई नई परियोजना में अधूरे पड़े पुल को पूरा कराया जाएगा। सिंचाई विभाग की इस परियोजना में कानपुर नगर, कानपुर देहात और औरैया जिले के 16 जर्जर और अधूरे पुलों के निर्माण का खाका खींचा गया है। 17 अक्तूबर के अंक में अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
बिधूना ब्लॉक के गांव कुर्सी से होकर सिंचाई विभाग कानपुर देहात की पश्चिमी इलाहाबाद शाखा नहर गुजरी है। ग्रामीण बताते हैं कि यहां पर दशकों पुराना नहर पुल जर्जर और क्षतिग्रस्त हो गया था। लगभग दो वर्ष पूर्व विश्व बैंक की योजना के तहत जर्जर नहर पुल तोड़कर दूसरा बनाए जाना शुरू किया गया।
लोगों को खुशी थी कि नया पुल बनने से गांव के लोगों को सहूलियत होगी। जर्जर नहर पुल तोड़ दिया गया और दूसरा नहर पुल बनना शुरू हुआ। जून 2020 में नहर बंद होने के बाद पुल के पिलर बने, नहर आने के बाद निर्माण बंद हो गया। वर्ष 2021 के शुरुआत में ठेकेदार पुल बनाने का सामान लेकर चला गया। उसके बाद नहर पुल निर्माण का काम दोबारा शुरू नहीं हो सका।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार पश्चिमी इलाहाबाद शाखा की इस नहर पर विश्व बैंक के प्रोजेक्ट के तहत नहर की सफाई, चौड़ीकरण और जर्जर नहर पुलों को बनाने का काम शुरू हुआ था। यह प्रोजेक्ट जून 2021 में समाप्त हो चुका है। इसी के चलते नहर पुल का निर्माण का काम अब बंद पड़ा है।
पिछले सप्ताह सिंचाई खंड कानपुर देहात के अधिशाषी अभियंता सुरेंद्र कुमार कौशल समेत विभागीय आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लगभग दो वर्षों से बंद पड़े नहर पुल के निर्माण का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया है कि परियोजना बनाकर इस अधूरे पुल का निर्माण पूरा कराया जाएगा।
यह है गांव के लोगों की परेशानी
कुर्सी गांव के लोग बताते हैं कि गांव की आबादी लगभग साढ़े तीन हजार है। गांव के लोगों की अधिकांश खेती नहर के पार ही है। नहर का पुराना पुल टूटने के बाद खेतों तक जाने के दो ही रास्ते हैं। अलीपुर और बडेराहार के पुल से होते हुए चार किलोमीटर का चक्कर काटकर खेतों तक पहुंचें या फिर लगभग 70 मीटर चौड़ी नहर के पानी के अंदर घुसकर नहर पार करके सीधे खेतों पर पहुंच जाएं। यह नहर पुल बनने से बनसई और चांदे गांव नहर के दूसरी ओर स्थित कुर्सी समेत कई गांवों से आपस में सीधे जुड़ जाएंगे।
वर्जन
औरैया, कानपुर देहात और कानपुर नगर जिलों से गुजरी नहर पर जर्जर पुलों के निर्माण और अधूरे पुलों को पूरा किए जाने के लिए एक परियोजना तैयार की गई है। इसमें तीनों जिलों के 16 पुल शामिल किए गए हैं। परियोजना स्वीकृत होने पर कुर्सी में अधूरे पड़े पुल का भी निर्माण हो सकेगा।- सुरेंद्र कुमार कौशल, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड कानपुर देहात